सीवान। सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव के समीप बुधवार की सुबह बदमाशों ने गश्ती टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। वहीं गोली की आवाज सुनकर खिड़की से देख रहे एक अधेड़ को गोली लग गई जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद बाइक सवार बेखौफ बदमाश मौके से फरार हो गए, मृत सिपाही वाल्मीकि यादव 39 वर्ष, सिसवन पुलिस स्टेशन में सिपाही के पद पर तैनात था। वह पटना जिले के मसौढ़ी का रहने वाला था।
घायल व्यक्ति की पहचान ग्यासपुर गांव निवासी अब्दुल हमीद खान के 55 वर्षीय पुत्र सेराजुद्दीन खान के रूप में हुई है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज सीवान सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सिसवन थाना की पुलिस की गश्ती पार्टी निकली हुई थी। उनकी गाड़ी जैसे ही ग्यासपुर के समीप पहुंची तो तीन की संख्या में सड़क के किनारे खाट पर बैठे संदिग्ध लोगों पर पुलिस की नजर पड़ी।
पुलिस ने रुककर पूछताछ करनी चाही तो अपराधी वहां से भागने लगे। शक के आधार पर पुलिस पीछा करने लगी। इसी दौरान पुलिस की टीम पर भागने वाले अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई।
