नई दिल्ली। आतंवादियों की कमर तोड़ने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जुट गई है। एनआईए ने आतंकी साजिश रचने के मामलों में कश्मीर घाटी में 11 ठिकानों पर छापे मारे। कार्रवाई के दौरान एनआईए टीम ने कई दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए गए हैं।
एनआईए की विभिन्न टीमों ने ये कार्रवाई सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर कुलगाम, श्रीनगर, बारामुला और पुलवामा जिलों में की। ये कार्रवाई विभिन्न आतंकी संगठनों द्वारा आतंकी साजिश रचने के मामले में की गई है। एनआईए ने इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की थी।
सूत्रों के अनुसार, एनआईए की टीमों ने बुधवार को श्रीनगर के हमदानिया कॉलोनी छानपोरा के निवासी फहद अली वानी और गवर्नमेंट हाउसिंग कॉलोनी बाग-ए-मेहताब स्थित फुरकान इमरान खान के घर में छापेमारी की। सूत्रों ने बताया कि तिब्बतियन कॉलोनी ईदगाह निवासी राशिद अहमद भट के घर पर भी दबिश देकर तलाशी ली गई। जिन 11 ठिकानों पर कार्रवाई की गई है उनमें चार श्रीनगर में दो बारामुला, दो अवंतिपोरा, एक पुलवामा, एक सोपोर और एक कुलगाम में है।
एनआईए की ओर से केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और नई दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों में आतंकी हमले करने के लिए विभिन्न आतंकी समूहों की रची गई साजिश का खुलासा करने के लिए एक मामला दर्ज किया है। इसके बाद जम्मू-कश्मीर में 13 अक्तूबर को 16 स्थानों पर छापेमारी की थी और इस दौरान चार आतंकी समर्थकों को गिरफ्तार किया।
इनकी पहचान वसीम अहमद सोफी निवासी छत्ताबल श्रीनगर, तारिक अहमद डार निवासी शेरगढ़ी श्रीनगर, बिलाल अहमद मीर उर्फ बिलाल फूफू निवासी परिमपोरा श्रीनगर और तारिक अहमद बाफंडा निवासी राजौरी कदल श्रीनगर के तौर पर हुई है। एनआईए ने यह मामला (आरसी – 29/2021/एनआईए/डीएलआई) 10 अक्तूबर को दर्ज कर जांच शुरू की थी। एक अधिकारी ने बताया था कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि गिरफ्तार किए गए आरोपी विभिन्न प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के आतंकवादी समर्थक या ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) हैं और आतंकवादियों को उनके मंसूबों में हर प्रकार की सहायता देते हैं।
साजिश में विभिन्न आतंकी संगठन शामिल
बताया कि मामला प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों लश्कर-ए-ताइबा (एलईटी), जैश-ए मोहम्मद (जेईएम), हिजबुल मुजाहिदीन (एचएम), अलबद्र और इसी तरह के अन्य संगठन और उनके सहयोगी जैसे द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) और पीपुल्स अगेंस्ट फासिस्ट फोर्सेज (पीएएफएफ) के कैडरों द्वारा जम्मू-कश्मीर और नई दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों में हिंसक आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने के लिए शारीरिक और साइबर स्पेस दोनों में साजिश रचने के संबंध में प्राप्त जानकारी से संबंधित है।
