नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा में अभी दो-ढाई महीने बाकी हैं, लेकिन भाजपा ने अपनी तैयारी का नगाड़ा बजा दिया है।

भाजपा के केंद्रीय पदाधिकारियों की सोमवार को दिनभर चली बैठक में बार-बार यही बात दोहराई गई कि पार्टी हमेशा समाज के बीच, उनके काम को लेकर मौजूद रही है। यही काम लगातार चलता रहेगा। लिहाजा तैयारी पूरी है। यही संवाद, संपर्क और सेवा हमेशा बनाए रखना है।

बैठक एक तरह से मानसिक ट्रेनिंग थी, जिसे संबोधित करते हुए अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा वह पार्टी नहीं है जो केवल चुनाव में जनता के पास जाती है। नरेन्द्र मोदी सरकार की सामाजिक कल्याण की योजनाएं हर घर तक पहुंच रही हैं। उन्होंने ही ‘सेवा ही संगठन’ का मंत्र दिया था, जिसके जरिये भाजपा कार्यकर्ता लगातार जमीन पर मौजूद रहे हैं।

यही मंत्र भाजपा को हमेशा प्रासंगिक बनाए रखता है और दूसरे दलों से अलग करता है। चुनाव सामने है और इसे जीतना भी है, लेकिन संवाद, संपर्क और सेवा का मूलमंत्र ही सबसे ऊपर है।

नड्डा ने विपक्ष को भी कठघरे में खड़ा किया और कहा कि उनकी ओर से विकास के काम में भी अवरोध खड़ा किया जाता है। कोरोना काल में भी राजनीतिक रोटी सेंकने और देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास हुआ। जनता के सामने यह स्थिति भी स्पष्ट करनी होगी। उन्होंने केंद्र सरकार की तरफ से लगभग 100 करोड़ वैक्सीन दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद भी दिया।