बिजनौर। जलीलपुर के गांव इब्राहीमपुर में दादी-पोते की मौत से मातम छा गया। पोते की मौत अमरोहा की तहसील धनौरा के निकट सड़क दुर्घटना में हुई। पोते की मौत की खबर सुनकर सोमवार रात्रि में सदमे में दादी ने भी दम तोड़ दिया।
सोमवार को इब्राहीमपुर निवासी रवि सैनी (26) पुत्र गोपाल सिंह की अमरोहा की तहसील धनौरा के निकट शाम साढ़े पांच बजे सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रवि बिजली घर जलीलपुर में संविदाकर्मी था। उसकी शादी चार वर्ष पूर्व थाना बछरायूं के गांव तोमड़ा में हुई थी। कुछ माह से सपरिवार ससुराल में रह रहा था। सोमवार सुबह वह बाइक से हरिद्वार से जल लेने गया था। लौटते समय धनौरा के निकट उसकी बाइक किसी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में वह घायल हो गया और चिकित्सक ने उसे मृतक घोषित किया।
परिजनों ने बताया कि पोते की मौत की खबर सुनकर उसकी दादी रामरती को गहरा सदमा लगा और उसकी भी सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे मौत हो गई। परिजनों ने पहले रवि का अंतिम संस्कार किया, उसके बाद मंगलवार को उसकी दादी का गांव नारनौर के गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
