मेरठ। थूक प्रकरण में जावेद हबीब की गिरफ्तारी न होने से नाराज महिला शनिवार को एडीजी ज़ोन राजीव सभरवाल से मिली। महिला का आरोप था कि सार्वजनिक रूप से उनका मजाक बनाने वाले जावेद हबीब को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। जबकि उसकी असिस्टेंट लगातार उन्हें फोन कर समझौते का दबाव बना रही है। एडीजी से महिला को सहारनपुर डीआईजी के समक्ष भेजा है।

बड़ौत निवासी पूजा गुप्ता ने बताया कि 3 जनवरी को मुजफ्फरनगर में आयोजित एक सेमिनार के दौरान मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब ने उनका ना केवल मजाक बनाया बल्कि उनके बालों पर थूक दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की, जिसके बाद मंसूरपुर थाने में एक मुकदमा दर्ज किया गया। पूजा का आरोप है कि पहले ही दिन से पुलिस इस मामले में जावेद हबीब का बचाव कर रही है। जिन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाना था, वह धाराएं नहीं लगाई।

पूजा ने बताया कि वह पार्लर चलाती हैं। पिछले काफी दिन से उनके पास जावेद हबीब की असिस्टेंट के धमकी भरे फोन आ रहे हैं। वह उन्हें जबरन दिल्ली आकर समझौता करने का दबाव बना रही है। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी लेकिन थाना मंसूरपुर पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है और न्याय की गुहार लेकर यहां आई हैं। एडीजी ने उनका पक्ष जानने के बाद उन्हें डीआईजी सहारनपुर के पास जाकर अपनी बात रखने की सलाह दी। एडीजी के आश्वासन के बाद वह लौट गई।