गोंडा। विधानसभा चुनाव में जिले की सातों सीटों पर एक बार फिर भगवा लहराया है। अगर ये कहें कि भाजपा की सुनामी में कोई भी आसपास नहीं टिका तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। जिले की सातों सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा।

भाजपा को सबसे बड़ी जीत तरबगंज विधानसभा में हुई। तरबगंज से भाजपा के प्रेम नरायन पांडेय ने 125325 वोट पाकर विजय पताका फहराई । यहां से सपा प्रत्याशी राम भजन चौबे को 71635 वोट ही मिले । मनकापुर से भाजपा के रमापति शास्त्री को कुल 14824 मत मिले। वहीं इसी सीट पर सपा के रमेश चंद्र को 62428 मतों पर ही संतोष करना पड़ा।

गोंडा सदर से भाजपा के प्रतीक भूषण सिंह ने 96528 मत पाकर दोबारा विजयश्री हासिल की। सपा के सूरज सिंह को 89289 मत मिले। कटराबाजार में भाजपा के बावन सिंह ने 112291 मत पाकर विजय हासिल की। यहां पर सपा के बैजनाथ दूबे को 93834 मत मिले। मेहनौन से भाजपा के विनय कुमार द्विवेदी ने 107327 मत पाकर पहली बार जीत दर्ज की। यहां पर सपा की नंदिता शुक्ला को 84109 वोट मिले।

कर्नलगंज से भाजपा के अजय सिंह ने 107343 वोट पाकर पहली बार जीत हासिल की। यहां पर सपा के योगेश प्रताप सिंह को 71573 मत मिले। गौरा से भाजपा के प्रभात कुमार वर्मा ने 73377 वोट पाकर जीत हासिल की। यहां पर सपा के संजय कुमार को 50 हजार 138 वोट मिले है।

अब सवाल यह है कि यहां भाजपा की सुनामी क्यों रही। आखिर क्यों सपा यहां अपनी जड़ें नहीं जमा पा रही है। इसके लिए सपा को नए सिरे से अपनी रणनीति पर विचार करना होगा। इसके अलावा प्रत्याशी चयन पर भी विचार करना होगा। हालांकि माना ये भी जा रहा है कि बसपा की कमजोरी का पूरा फायदा भाजपा को मिला। सपा बसपा के वोट बैंक पर कब्जा नहीं कर पाया और यही उसकी सबसे बड़ी कमजोरी रही।