सहारनपुर। बेहट रोड स्थित एक पैलेस में शादी समारोह के दौरान बच्चों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बराती दो धड़ों में बंट गए और पथराव कर दिया। पथराव में रामनगर पठानपुरा निवासी होटल संचालक मुकर्रम उर्फ मोनी की मौत हो गई, जबकि होटल संचालक के चचेरा और ममेरा भाई घायल हो गए।
घटना देहात कोतवाली क्षेत्र में सोमवार करीब शाम पांच बजे हुई। उमर पैलेस में नवाबगंज निवासी आमिर अहमद के बेटे मुजम्मिल की शादी थी। इसी दौरान बरात में शामिल बच्चों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि उनके परिजन भी आमने-सामने आ गए। बराती दो धड़ों में बंट गए। देखते ही देखते मारपीट और पथराव शुरू हो गया। उस समय बरात में शामिल होटल संचालक मुकर्रम उर्फ मोनी (25) व उसके बड़े भाई इमरान समेत अन्य रिश्तेदारों ने बीच-बचाव करा दिया। होटल संचालक के परिजनों का आरोप है कि मामला शांत होने के बाद मोनी अपने चचेरे भाई सरफराज और ममेरे भाई नदीम के साथ बाइक पर घर लौट रहा था।
थोड़ी दूर पहुंचते ही दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर पथराव कर दिया। आरोप है कि इसमें तीनों बाइक से गिरकर घायल हो गए। बेहोश होने पर परिजन मोनी को लेकर एक निजी अस्पताल में लेकर गए। वहां पर डॉक्टरों ने बताया कि मोनी की मौत हो चुकी है। परिजन घर लेकर आ गए। वहां पहुंचने पर लगा कि मोनी की सांस चल रही है। इस पर परिजन दूसरे अस्पताल लेकर जाने लगे, तभी रास्ते में दम तोड़ दिया।
इसके बाद परिजन शव को घर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमार्टम कराने को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस के समझाने पर परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हो गए।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि बच्चों की कहासुनी के बाद यह विवाद हुआ है। फिलहाल मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
व्योम बिंदल, एसपी सिटी
