लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 11 जिलों की 58 सीटों पर आज मतदान होगा। इसके साथ प्रदेश में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पहले चरण में करीब दो करोड़ 27 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।

पहले चरण में जिन 11 जिलों में वोट पड़ेंगे उनमें गौतम बुद्धनगर, नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, शामली, अलीगढ़, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और आगरा शामिल हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, पशुधन मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, समाज कल्याण राज्य मंत्री जीएस धर्मेश, वन राज्य मंत्री अनिल शर्मा और जलशक्ति व बाढ़ नियंत्रण राज्य मंत्री दिनेश खटीक शामिल हैं। इसके अलावा अवतार सिंह भड़ाना, चौधरी बाबू लाल और उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य आदि के भी भाग्य का फैसला होगा।

पहले चरण के बाद दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा 20, चौथा 23, पांचवां 27 फरवरी, छठा 3 मार्च तथा सातवां और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को होगा। यूपी में पिछले विधानसभा चुनाव में 38 सीटें संवेदनशील थीं। वहीं इस चुनाव में यूपी पुलिस द्वारा 73 सीटें संवेदनशील घोषित की गई है। यह 2017 के राज्य चुनावों की तुलना में 35 अधिक है। इन सीटों पर चुनाव के दौरान पुलिस की विशेष नजर होती है।