देहरादून। उत्तराखंड में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के प्रभावित होने और वोकेशनल ट्रेनरों के अनिश्चित भविष्य को लेकर वोकेशनल ट्रेनर एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षकों और प्रशिक्षकों ने बिंदाल पुल से यमुना कॉलोनी स्थित प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सरकारी आवास तक विशाल रैली निकाली और प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 01 अप्रैल से राज्य में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम प्रभावित हुआ है, जिससे न केवल हजारों वोकेशनल ट्रेनरों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है, बल्कि स्कूलों में पढ़ रहे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य भी अधर में लटक गया है।

उन्होंने कहा, राज्य के विद्यालयों में 01 अप्रैल से ठप पड़े व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम को तुरंत सुचारु रूप से शुरू किया जाए।
पूर्व में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार जल्द एक स्पष्ट नीति तैयार कर ठोस निर्णय ले।
कौशल एवं रोजगारपरक शिक्षा ग्रहण कर रहे हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुकसान होने से बचाया जाए। कहा जब तक सरकार हजारों विद्यार्थियों और प्रशिक्षकों के हित में ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक वे शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे।