शामली। हरियाणा मंडी में अपनी धान की फसल बेचने जा रहे उत्तर प्रदेश के दर्जनों किसानों को सनौली चौकी पुलिस ने रोक दिया। उनके धान से लदे वाहनों को रोक कर वापस यूपी में भेज दिया, जिस पर किसानों ने हंगामा किया। हरियाणा पुलिस के अनुसार उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद यूपी से हरियाणा जाने वाले धान के वाहनों को रोका गया है। किसान हरियाणा में धान ले जाने की मांग को लेकर दिनभर यूपी हरियाणा बॉर्डर पर डेरा डाले रहे। 

शामली के कैराना क्षेत्र व अन्य जनपदों के दर्जनों किसान हरियाणा के पानीपत व सिंभालका मंडी में अपनी धान की फसल बेचने के लिए जा रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे व मंगलवार सुबह नौ बजे हरियाणा की सनौली पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने यूपी की ओर से आने वाले धान से भरे वाहनों को वापस उत्तर प्रदेश की सीमा में भेज दिया। इसके बाद ट्रैक्टर ट्रॉलियों में लदी धान की फसल के साथ दर्जनों किसान यूपी हरियाणा बॉर्डर स्थित कैराना कोतवाली की यमुना ब्रिज पुलिस चौकी के पास खड़े हो गए। किसान तिरसपाल ने बताया कि वह कांधला क्षेत्र के गांव जसाला से करीब 30-35 क्विंटल 1509 की किस्म की बारीक धान की फसल सिंभालका मंडी में बेचने के लिए जा रहा था। हरियाणा पुलिस ने उसे कोई कारण नहीं बताया और वापस भेज दिया। 

गढ़ीदौलत निवासी किसान अकरम ने बता कि उत्तर प्रदेश के किसी भी धान केंद्र पर न तो उनको यह बताया जा रहा है कि क्या भाव उनकी फसल ली जाएगी और न ही यह बताया जा रहा है कि कहां फसल बेचनी है। धान केंद्रों पर किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल पा रही है, जिस कारण वे हरियाणा में अपना धान बेचना चाहते हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने उन्हें अपने वाहन वापस न ले जाने पर थाने में बंद करने की धमकी भी दी। किसान नितिन ने बताया कि वह बुढ़ाना के गांव गोयला से करीब 50 क्विंटल बारीक धान लेकर आया था। रात करीब डेढ़ बजे हरियाणा पुलिस ने उसे भी वापस कर दिया।