बिजनौर। नांगलसोती के गंगा खादर क्षेत्र में मंगलवार देर शाम को दो युवकों के शव ‌मिले। दोनों शवों की पहचान हरिद्वार व ऋषिकेश के बहे दिल्ली और मेरठ निवासी युवकों के रुप में हुई।

नांगलसोती पुलिस को मंगलवार देर शाम गंगा किनारे दो शव पड़े होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस गंगा घाट पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शवों की पहचान कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस से संपर्क किया।

थानाध्यक्ष श्यामवीर सिंह ने बताया कि एक शव की पहचान यश पुत्र मुकेश गुप्ता निवासी मानसरोवर पार्क, शाहदरा नई दिल्ली के रूप में हुई है। यश के पिता मुकेश गुप्ता ने बताया कि यश अपने दोस्त प्रियांशु, अमन और बिन्नी के साथ हरिद्वार से कावड़ लेने गए थे। गत 23 जुलाई की सुबह चारों दोस्त गंगा में नहाते हुए नदी में डूब गए।

वहां मौजूद गोताखोरों ने बिन्नी को बचा लिया, जबकि प्रियांशु और अमन के शव कुछ दूरी पर मिले थे। यश का कोई अता पता नहीं चल सका था। वहीं दूसरे शव की पहचान काजीपुर मेरठ निवासी हर्ष पुत्र संजय (19 वर्ष ) के रुप में हुई है। परिजनों ने बताया कि हर्ष अपने तीन दोस्तों के साथ कार में सवार होकर केदारनाथ गया था। ऋषिकेश के मुनी की रेती के पुल पर कार नदी में जा गिरी। कार के नदी में गिरने के बाद युवकों का कुछ पता नहीं चला था। शिनाख्त होने पर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।