सहारनपुर । देवबंद-नानौता मार्ग पर दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर हो गई। जिसमें दोनों बाइकों पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भायला गांव निवासी नितिन पुत्र नरेंद्र 25 बाइक से बड़गांव से लौट रहा था। जब वह देवबंद नानौता मार्ग पर पड़ने वाले नाग देवता मंदिर के समीप पहुंचा तो सामने से गलत दिशा से आ रही बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें नितिन के साथ ही दूसरी बाइक पर सवार रामपुर मनिहारान के कंजौली गांव निवासी सरफराज पुत्र मो. कामिल व उसके पीछे बैठे रिश्तेदार जमील व आकिल घायल हो गए।
राहगीरों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायलों को उपचार के लिए देवबंद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान सरफराज और नितिन की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि मृतक सरफराज चौंदाहेड़ी स्थित रिश्तेदारी से लौट रहा था। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
