बिजनौर। दादी का अंतिम संस्कार करने के बाद गंगा में नहा रहे तीन भाई गहरे पानी में डूब गए। हालांकि एक को गोताखोरों ने बचा लिया गया। जबकि दो चचेरे भाईयों का कहीं पता नहीं चला। शाम ढलने तक गंगा में दोनों की तलाश की जाती रही। दोनों भाईयों के गंगा में डूब जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
चांदपुर के मोहल्ला सराय रफी की रहने वाली रामरती की मौत हो गई थी। जिसका अंतिम संस्कार करने के लिए परिवार और रिश्तेदार बिजनौर बैराज आए। अंतिम संस्कार करने के बाद सभी लोग गंगा में नहाने लगे। नहाते हुए पंद्रह वर्षीय सिद्घार्थ पुत्र बनवारी गहरे पानी में चला गया। जिसे बचाने के लिए नरदेव गहरे पानी में उतर गया।
नरदेव को डूबता देख उसका भाई सहदेव भी गहरे पानी में उतर गया। दोनों के साथ साथ सहदेव भी डूबने लगा। हालांकि गोताखोरों ने तुरंत ही सहदेव को बाहर निकाल लिया। लेकिन 28 वर्षीय नरदेव पुत्र महेंद्र और उसके चचेरे भाई सिद्घार्थ पुत्र बनवारी को नहीं बचाया जा सका। दोनों ही गहरे पानी में डूब गए। इनके गंगा में डूबते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। अन्य लोग भी गंगा बैराज घाट पर एकत्र हो गए। गोताखोंरों को बुलाया गया, शाम ढलने तक दोनों का कहीं पता नहीं चल पाया। सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता ने बताया कि गोताखोर लगाए गए हैं, युवकों की तलाश की जा रही है।
