लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जहां भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है तो वहीं चुनाव से ठीक पहले योगी सरकार से इस्तीफा देकर सपा खेमे में गए स्वामी प्रसाद मौर्य को करारी हार का सामना करना पड़ा है। स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी और बीजेपी सांसद संघमित्रा मौर्य ने अब योगी की जीत और पिता की हार पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने हार और जीत को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि राजनीति में कोई अमर नहीं है।

मीडिया से बातचीत में संघमित्रा मौर्य ने कहा, ”राजनीति में जीत हार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। ऐसा नहीं  है कि हार के बाद जीत नहीं और जीत के बाद हार नहीं होती। मैं खुद आज सांसद हूं लेकिन इससे पहले दो बार हार चुकी हूं। संघर्ष करके यहां आई हूं। यह दौर सबके साथ आता है। कोई राजनीति में अमृत पीकर नहीं आया है, कि आ गया तो अमर हो गया।”

चुनाव से ठीक पहले स्वामी प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों में झगड़े के बाद पिता को जितवाने की अपील कर चुकीं संघमित्रा मौर्य से जब पूछा गया कि क्या वह भाजपा की जीत से खुश हैं तो उन्होंने कहा, ”बिलुकल। जनता जिसको अपना आशीर्वाद देगी, जनता जो चाहेगी वही होगा, जो जनता की बात नहीं मानेगा उसे जनता बाहर कर देगी। जनता को निर्णय मान्य है। आज प्रचंड बहुमत से सरकार बनी है वह पहले से तय था। मोदी जी की योजनाएं जो गांव, गांव घर-घर पहुंची हैं, उसका लाभ मिलने यह सबको पता था।”