हरिद्वार। सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे युवक और उसकी परिचित किशोरी के साथ हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, वह लाठी-डंडे लेकर आर्यनगर चौक पर स्थित भाजपा नेता बाबर खान के शोरूम और वर्कशॉप में घुस गए और युवक को फिर से पीटा। लोगों के इकट्ठा होने पर दो कार्यकर्ता भाग निकले। जबकि भाजपा नेता से उलझ रहे एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पहले पुलिस चौकी और फिर ज्वालापुर कोतवाली में हंगामे के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया। नामित पार्षद हारुन खान की ओर से उनके खिलाफ शोरूम में घुसकर मारपीट करने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ज्वालापुर आर्यनगर स्थित भाजपा नेता बाबर खान के शोरूम पर कोटरवान निवासी लविश खान काम करता है। बृहस्पतिवार देर शाम लविश किसी काम से रेलवे फाटक की ओर गया था। रास्ते में उसे मोहल्ले की एक परिचित किशोरी मिल गई और दोनों सड़क किनारे बातचीत करने लगे। इसी बीच खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बता रहे तीन युवक वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। किशोरी का कहना था कि लविश उनके पड़ोस में रहता है और वह उसके भाई जैसा है। लेकिन कार्यकर्ता उनकी पिटाई करते रहे।

लविश बमुश्किल वहां से निकलकर शोरूम के पीछे वर्कशॉप पहुंच गया। आरोप है कि तीनों युवक उसका पीछा करते हुए लाठी-डंडे लेकर वर्कशॉप में घुस गए और लविश को पकड़ कर उसकी पिटाई करने लगे। शोर शराबा सुनकर वर्कशॉप में काम कर रहे कर्मचारी इकट्ठा हो गए और भाजपा नेता बाबर खान भी अपने कार्यालय से बाहर आ गए। उन्होंने हमलावरों से लविश को छुड़ाया। नोक-झोंक होने पर दो युवक भाग खड़े हुए। जबकि एक को पकड़ लिया गया। पुलिस के आने पर उसने अपना नाम हिमांशु निवासी मोहल्ला कड़च्छ बताया।

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा नेता बाबर खान के बेटे हारून खान रेल पुलिस चौकी पहुंच गए। जहां बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी जमा हो गए। इसके बाद मामला ज्वालापुर कोतवाली पहुंचा और लोग हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर सुमित निवासी रामनगर समेत बाकी दोनों युवकों को भी पकड़ लिया। देर रात तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कोतवाल आरके सकलानी ने बताया कि आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।