सहारनपुर। बेहट क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात तेज हवा और बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। सड़कों, घरों और खेतों में ओलों की सफेद चारद सी बिछ गई। इस ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। गेहूं, आम, आलू और गोभी की फसल तहस.नहस हो गई।

बृहस्पतिवार को अचानक आसमान में काले बादल छा गए। इसके साथ ही तेज गड़गड़ाहट के साथ हवा चलनी शुरू हो गई। इस बीच बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। बेहट, मिर्जापुर और शाकंभरी क्षेत्र में 15 मिनट तक जमकर ओलावृष्टि हुई, जबकि बिहारीगढ़ क्षेत्र में करीब एक घंटे तक जमकर बारिश हुई।
ओलावृष्टि से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। हालत यह हो गई कि पेडों पर पत्ते तक नहीं बचे। अचानक मौसम की मार से एक बार फिर किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच गया। गेहूं की फसल जमीन पर बिछने के साथ ही बर्फ की सफेद चादर से ढक गई। बेहट फल पट्टी में आम को काफी नुकसान पहुंचा है। आलू और गोभी की फसल भी बरबाद हो गई।
