गाजियाबाद। शहर के पॉश इलाके राजनगर डिस्ट्रिक सेंटर (आरडीसी) के एमजी टावर डी-1 में (24 कैरेट सोना दो पैसा लो) नाम की सोना खरीदने वाली कंपनी के एसके ग्रुप राज ज्वेलर्स के कार्यालय में बुधवार को दो बदमाशों ने दिनदहाड़े 10.60 लाख की लूट की। बदमाश ग्राहक बनकर आए और कार्यालय में बैठे दो कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर कार्यालय के अंदर एक केबिन में ले गए।

कर्मचारियों को गोली मारने की धमकी देकर लॉकर की चाबी ले ली और 4.80 लाख नकदी व 5.80 लाख का सोना चार से पांच मिनट में जेबों में भरकर फरार हो गए। यह कार्यालय गुरुग्राम के साहिल कोहली का है। करीब चार माह पहले यह कार्यालय खोला गया था।

कार्यालय में कार्यरत रवि गर्ग रिसेप्शन पर ग्राहकों से बात करते हैं जबकि लक्की गोयल सोने की कीमत निकालने का काम करते हैं। रवि गर्ग ने बताया कि वह कार्यालय का मुख्य केबिन बंद करके रिसेप्शन पर खाना खाने के लिए आए थे, जहां वह लक्की गोयल के साथ बैठे थे। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश आए और बैठे हैं क्या, बोलकर कार्यालय में घुस गए। रवि गर्ग का कहना है कि उन्होंने समझा की ग्राहक हैं। अंदर घुसते ही एक बदमाश ने तमंचा निकाल कर रवि पर तान दिया और पिटाई कर धमकाकर मुख्य केबिन का ताला खुलवाया और लॉकर की चाबी ले ली।

सूचना मिलते ही सीओ कविनगर अवनीश कुमार, कविनगर थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस बदमाशों की तलाश में घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। सीओ कविनगर अवनीश कुमार का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगी टीम को भी अलर्ट कर दिया है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।