मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र के मंगल पांडे नगर में सुबह 6.30 बजे बिल्डिंग मैटीरियल सप्लाई करने वाले कारोबारी के साथ बदमाशों ने उनकी दुकान के बाहर ही लूटपाट अंजाम दी। बाइक सवार बदमाश 3.20 लाख की रकम लूट कर फरार हो गए।जागृति विहार निवासी रूपेश अग्रवाल की मंगल पांडे नगर में बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान है।

सुबह करीब 6.30 बजे रूपेश अपनी दुकान पर पहुंचे थे और एक व्यक्ति को 40 हजार का पेमेंट दिया था। इस दौरान बाइक पर तीन बदमाश आए और उन्होंने रुपेश के ऊपर फायर किया। बदमाशों ने डरा धमकाकर रूपेश से 3.20 लाख रुपये की रकम लूट ली।

इस दौरान रूपेश ने एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन गोली मारने की धमकी देकर आरोपियों ने रूपेश को पीछे खदेड़ दिया। इसके बाद बदमाश हापुड़ अड्डे की तरफ फरार हो गए।

सूचना पर पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की गई। घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है। रुपेश की ओर से लूट की तहरीर दी गई है।