बिजनौर। कालागढ़ की नई कॉलोनी में नूनगढ़ मंदिर के पुजारी की हाथी की टक्कर से मौत हो गई। वन विभाग ने मामले की जांच कर विभाग के नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाएगा।
घटनाक्रम के अनुसार नई कालोनी निवासी सुरेश (45) नूनगढ़ मंदिर में पुजारी था। सुरेश के बड़े भाई कल्लू के अनुसार बृहस्पतिवार को सुरेश अपने साथी पवन के साथ पुराना कालागढ़ गया था। वहां से लौटते समय नई कॉलोनी में गौरी शंकर मंदिर के निकट पहुंचे तो सुरेश लघुशंका के लिए बाइक से उतरा तभी झाड़ियों से निकलकर एक हाथी दौड़ता हुआ आया। सुरेश को हाथी की टक्कर लग गई। घायल सुरेश को निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। उपचार के बाद सुरेश को घर ले आए। रात्रि में उसकी मृत्यु हो गई।
