मुजफ्फरनगर। होली की झांकी में लगातार छह घंटे तक नाचना दो दोस्तों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। जुलूस थमने के बाद दोनेां की तबीयत खराब हो गई। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने दोनों की मौत की वजह बीमारी बताई है।

मोरना क्षेत्र में ककरौली थाना क्षेत्र के खुजैड़ा गांव में शनिवार को होली का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में गांव के सोहनवीर 45 और बिंदर 26 भी शामिल हुए। करीब छह घंटे तक गांव में जुलूस चलता रहा। इस दौरान दोनों डांस करते रहे। शाम करीब साढ़े छह बजे जुलूस रूका तो कमेटी के लोग गांव में एक जगह बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच अचानक सोहनवीर और बिंदर की तबीयत खराब हो गई।

ग्रामीण दोनों को लेकर जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती गई। देर रात दोनों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दो की मौत की जानकारी मिलते ही सीओ भोपा गिरिजा शंकर त्रिपाठी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से प्रकरण की जानकारी ली। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मृतक बिंदर के भाई संजू ने बताया कि बीमारी की वजह से मौत हुई है।

एक मृतक की जेब से शराब का पव्वा निकला है। पुलिस को जानकारी मिली कि दो दिन पहले पव्वा गांव के ही ठेके से खरीदा गया था। एसओ सुनील शर्मा का का कहना है कि शराब के पव्वे की जांच कराई गई है, कोई कमी नहीं मिली। परिजन मौत की वजह बीमारी बता रहे हैं।