बिजनौर। शहर के मोहल्ला चाहशीरी में जन्मदिन पार्टी में हुए विवाद के बीच चली गोली में एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। उक्त बालक भी जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए आया था।
बिजनौर के मोहल्ला चाहशीरी में इकरार के 15 वर्षीय पुत्र अरमान का जन्मदिवस कार्यक्रम था। कार्यक्रम में आकिब पुत्र अतीक निवासी मोहल्ला लडापुरा व इमरान पुत्र अरमान निवासी मोहल्ला चाहशीरी थाना कोतवाली शहर जनपद बिजनौर तथा बसी उर्फ पिद्दी की आपस में कहासुनी हो गई। इसी बीच तीनों के बीच फायरिंग हो गई। इसी दौरान जुनैद उम्र क़रीब 10 वर्ष पुत्र जुम्मा निवासी ग्राम मुबारकपुरकला थाना हीमपुर दीपा जनपद बिजनौर फायरिंग में घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस द्वारा घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सकों द्वारा जुनैद को मृत घोषित कर दिया। शहर कोतवाल राधेश्याम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
