शामली । कांधला के गांव असदपुर जिड़ाना में लूट के बाद बुजुर्ग महिला सोहनबीरी की हत्या की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद 70 वर्षीय सोहनबीरी का शव गांव पहुंचा तो गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने कांधला-कैराना रोड पर जाम लगाने का प्रयास करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और घटना के खुलासे की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया।
गांव असदपुर जिड़ाना निवासी सोहनबीरी शुक्रवार को खेत पर गई थीं। देर रात उनका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि महिला के कानों के सोने के कुंडल और गले का पेंडल लूटने के बाद उनकी हत्या की गई। महिला का मुंह कपड़े से और पैर रस्सी से बंधे मिले थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
शनिवार को शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कांधला-कैराना रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद वे शांत हुए। एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
