शामली। ईवीएम मेें कैद 30 प्रत्याशियों की किस्मत आज खुल जाएगी। मंडी परिसर में सुबह आठ बजे से तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में मतगणना होगी। प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। जिले की कैराना सीट सबसे अहम मानी जा रही है। यहां भाजपा से पूर्व सांसद बाबू हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह और सपा से नाहिद हसन मैदान में हैं। वहीं थानाभवन सीट से प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा चुनाव लड़ रहे हैं।

मतगणना के लिए तीनों विधानसभाओं में 14-14 टेबल लगाई गईं हैं। इसके अलावा एक-एक टेबल बैलेट पेपर की गिनती के लिए तीनों विधानसभाओं में लगाई गई है। मतगणना स्थल पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
सीसीटीवी कैमरे भी लगा दिए गए हैं। मंडी परिसर के 200 मीटर के दायरे पर बैरिकेडिंग की गई है। इस दायरे में वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। गेट नंबर एक से प्रत्याशी और उनके एजेंट प्रवेश करेंगे। जबकि गेट नंबर दो से मतदान कार्मिक और पुलिसकर्मियों की एंट्री होगी। डीएम जसजीत कौर का कहना है कि मतगणना की सारी तैयारी कर ली गई है। गुरुवार को करीब दो बजे तक मतगणना का कार्य समाप्त होने की संभावना है। 
विधानसभा चुनाव की मतगणना बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे शुरू होगी। मतगणना के दौरान सबसे पहले शामली विधानसभा का नतीजा आएगा, जबकि थानाभवन सीट का नतीजा सबसे अंत में आएगा। मतगणना में 180 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

ईवीएम की सुरक्षा के लिए कर रहे पहरेदारी
शामली। मतदान के बाद से ही सपा-रालोद और बसपा कार्यकर्ता ईवीएम की पहरेदारी में डटे हुए हैं। मंडी परिसर के अंदर टेंट लगाकर वह शिफ्टों में निगरानी कर रहे हैं। दोनों की पार्टी के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा सत्ता का फायदा उठाकर गड़बड़ी करा सकती है। जिसके चलते वे यहां पहरा दे रहे हैं। बुधवार को पहरा देने वालों में लोकेंद्र, देव जावला, सर्वेश, मांगेराम, वीर सिंह, अरविंद कुमार, तीर्थपाल आदि मौजूद रहे।