बड़ौत/बागपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नए कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा के बाद पश्चिमी यूपी में खाप चौधरी किसानों के धरने को समाप्त करने के समर्थन में आए हैं। बागपत से दो खाप चौधरियों ने कहा कि किसानों को धरने पर बहुत समय हो गया है। अब उन्हें खेतों पर चलकर अपनी फसलें देखनी चाहिए। उन्होंने किसानों से खेतों पर लौटने का आह्वान भी किया है।

चौबीस खाप चौधरी सुभाष का कहना है कि प्रधानमंत्री द्वारा नए कृषि कानून को वापस लेने की घोषणा किसानों की जीत है। उन्होंने कहा कि बागपत नहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश के बहुत से किसानों का गाजीपुर बॉर्डर में चल रहे धरने में योगदान रहा है। मगर, अब काफी समय हो गया। किसानों को अपने खेत-खलिहानों की ओर देखना चाहिए।

पंवार खाप के चौधरी धर्मवीर सिंह पंवार ने कहा कि यह किसानों की मेहनत व एकजुटता का ही परिणाम है कि प्रधानमंत्री को नए कृषि कानून वापस लेने की घोषणा करनी पड़ी। हम किसानों के साथ हैं, लेकिन एक साल से भी ज्यादा समय धरने पर बैठा हो गया है, अब किसानों को लौटकर अपने खेत खलियान को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपने वादे से मुकरती है, तो किसान भी फिर से ज्यादा मजबूती के साथ आंदोलन तेज कर देंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को पंवार खाप का पूरा समर्थन है।