सहारनपुर। जिले के बेहट में मंगलवार की सुबह शाकंभरी देवी रोड पर स्थित एक आम के बाग में पेड़ पर 30 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई।
मंगलवार की सुबह करीब सात बजे शाहबुद्दीनपुर निवासी इमरान के शाकंभरी रोड पर बर्फ फैक्ट्री के पास वाले आम के बाग में एक पेड़ से किसी युवक का शव फंदे से लटका हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची बेहट पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया और उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के गांव के लोगों को बुलवाया, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 साल के आसपास है। शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं हैं। प्रथम दृष्टया युवक के खुदकुशी करने का मामला लग रहा है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसके लिए प्रयास किए जा रहे है।
