सहारनपुर। बेहट कोतवाली क्षेत्र के भोजेवाला गांव में मंगलवार को एक कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई। जिससे मलबे के नीचे दबने से चार साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता और दो भाई घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। गांव भोजेवाला निवासी मेहरबान अपने पुत्रों शिफात 4, उजैर 5 और उमैर 7 के साथ अपने कच्चे मकान के अंदर सोया हुआ था। उसकी पत्नी अंजुम दो साल की बेटी उमैरा के साथ घर के आंगन में सोयी हुई थी। सुबह के समय अचानक मकान की छत की कड़ी टूटने से छत भरभराकर गिर गई, जिससे मेहरबान और उसके तीनों बेटे मलबे में दब गए। मेहरबान की पत्नी अंजुम ने शोर मचाकर लोगों को मदद के लिए बुलाया।
आसपड़ोस के लोगों की भीड़ ने मलबा हटाकर मेहरबान और तीनों बेटों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही 4 वर्षीय शिफात ने दम तोड़ दिया। परिजन और ग्रामीण शिफात के शव को वापस गांव ले आए, जबकि मेहरबान और उसके दो अन्य बेटों उजैर व उमैर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मासूम बच्चे की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा है।
