बिजनौर। नगीना के काजीवाला निवासी रोहित (16) की बृहस्पतिवार की शाम गला रेतकर हत्या कर दी। उसका खून से लथपथ शव धामपुर में नगीना हाईवे के किनारे जैन के बाग में मिला। वह नौंवी का छात्र था और बृहस्तिवार को स्कूल से छुट्टी के समय घर के लिए निकला था। माना जा रहा है कि उसी समय हत्यारों ने उसे उठा लिया और धामपुर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया और एसपी समेत थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई।
नगीना क्षेत्र के काजीवाला निवासी 16 वर्षीय रोहित पुत्र सुभाष बाल्मीकि बृहस्पतिवार को एमएम इंटर कॉलेज में पढ़ने आया और छुट्टी के बाद गायब हो गया। उधर धामपुर में शाम के समय पुलिस को सूचना मिली कि नगीना हाईवे के पास जैन के बाग में एक किशोर का शव पड़ा है।
सूचना पर एसपी बिजनौर दिनेश सिंह समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। वहां पर एक किशोर का शव पड़ा था, जिसकी कुछ समय पहले ही गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उसके कंधे पर बैग टंगा था, जिसकी पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें एमएम इंटर कॉलेज नगीना से बना उसका परिचय पत्र मिला। उसमें किशोर की पहचान रोहित पुत्र सुभाष बाल्मीकि निवासी काजीवाला नगीना लिखी थी।
उधर इसकी सूचना जब नगीना में कॉलेज को पहुंची तो हड़कंप मच गया। एमएम इंटर कॉलेज नगीना के प्रधानाचार्य शाहिद अली गौहर ने बताया कि मृतक छात्र कक्षा 9वीं का विद्यार्थी था। वह स्कूल भी आया था तथा समय पर ही घर वापिसी के लिए निकला।
जहां रोहित का शव मिला, उसके पास में ही एक कोठरी बनी हुई थी। पुलिस ने आसपास छानबीन की तो कोठरी के आसपास शराब की बोतलें भी पाई गई हैं। पुलिस ने शव को पंचायत नामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्यारों तक जल्द पहुंचेगी पुलिसः एसपी
एसपी बिजनौर दिनेश सिंह ने कहा कि हाईवे से करीब 200 मीटर अंदर बाग में रोहित का शव मिला है। इसकी जांच शुरू हो चुकी है और जल्द ही पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार करेगी।
दोस्त जुनैद ने की थी हत्या
एम एम इंटर कॉलेज के कक्षा नौ के छात्र रोहित कुमार की हत्या में उसका घनिष्ठ मित्र जुनेद ही एकमात्र हत्या का आरोपी निकला। पुलिस ने हत्यारे छात्र जुनैद को गिरफ्तार कर धामपुर पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित शुक्ला ने बताया कि नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम काजी वाला निवासी रोहित कुमार की बृहस्पतिवार की शाम धामपुर क्षेत्र में हत्या हो जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ग्राम पुरैनी में स्थित टोल प्लाजा पर सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो हत्या का खुलासा होने में पूरी मदद मिल गई।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में दोपहर करीब 1 बजे के आसपास एक मोटरसाइकिल पर रोहित पीछे बैठा हुआ जबकि उसका दोस्त जुनैद बाइक चलाता हुआ नजर आया। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद के बाद आरोपी छात्र जुनेद को रात्रि में ही गिरफ्तार कर धामपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
सीओ ने बताया कि आरोपी छात्र जुनैद ने पकड़े जाने के बाद पुलिस को बताया कि उसने नगीना के काला खेड़ी मैं स्थित एक शराब की दुकान से शराब के 6 पव्वे खरीदें। तथा मोटरसाइकिल पर अपने साथी छात्र रोहित को लेकर धामपुर की दिशा की तरफ एक बाग में चला गया। उसने बताया कि उसने 5 पव्वे रोहित को पिलाएं जबकि एक पव्वा खुद पीने के बाद चाकू से रोहित की गला काटकर हत्या कर दी।
आरोपी छात्र जुनैद ने पुलिस को बताया कि मृतक छात्र रोहित उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ करता था। सबसे अहम बात जिसने जुनैद को रोहित की हत्या करने के लिए उकसाया, वह यह सामने आई कि रोहित अक्सर जुनैद को साला कहकर संबोधित करता था जिससे वह अपने आप को अपमानित महसूस कर रहा था। और उसने रोहित की हत्या करने का प्लान बनाया।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी छात्र जुनैद के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल व मृतक छात्र का मोबाइल भी बरामद कर लिया है। उनका कहना है कि आरोपी छात्र जुनैद नगर के मोहल्ला मनिहारी सराय का रहने वाला है।
