गोंडा। लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के रिटायर्ड रक्षा अध्ययन विभाग के अध्यक्ष एवं रक्षा अध्ययन के विशेषज्ञ प्रोफेसर कृष्णानन्द पांडेय का शनिवार को निधन हो गया। वह 62 वर्ष के थे। उन्होंने अंतिम सांस डॉ.राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में ली। बीते कुछ दिनों से वह बीमार चल रहे थे। अभी बीते 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे।

डॉ.पांडे मूल रूप से संत कबीर नगर के निवासी थे और गोंडा में आवास विकास कालोनी में उनका पूरा परिवार रहता है। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा व दो बेटियों सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। डॉ. केएन पांडे की गिनती देश के रक्षा विशेषज्ञों में होती थी। करीब 35 से अधिक रक्षा अध्ययन पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं मे उनके विचार प्रकाशित हो चुके हैं।

वह डाॅ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय फैजाबाद के रक्षा अध्ययन विभाग एवं एकेडमिक काउंसिल के सदस्य रहे। उनके कई लेख पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है। वह अपने पीछे पत्नी माधुरी पांडे, बेटा अंकित पांडे, बेटी रेनू व प्रज्ञा सहित अन्य परिजनों को छोड़ गए। शनिवार की शाम को अयोध्या में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

बेटे अंकित ने मुखाग्नि दी। उनके निधन पर डॉ. ओंकार पाठक, डॉ. शैलेन्द्र नाथ मिश्र, डॉ. जितेन्द्र सिंह, प्राचार्य डॉ.रवीन्द्र पाण्डेय, डॉ. जयशंकर तिवारी, डॉ. श्यामबहादुर सिंह ने संवेदना व्यक्त करते श्रद्धांजलि अर्पित की।