शामली। जिले में पैसा रिश्तों पर भारी पड़ गया। पैसों के लेनदेन को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। तीसरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।

गांव बराला निवासी सुफियान ने कुछ समय पूर्व अपने छोटे भाई 30 वर्षीय कुर्बान को गांव कंडेला से 11000 रुपये उधार दिलाए थे। सुफियान अपने भाई कुर्बान से बार.बार पैसे वापस देने की बात करता था। दो दिन पहले कंडेला निवासी व्यक्ति रुपये वापस नहीं मिलने पर सुफियान को बाइक पर अपने साथ ले गया था।

शुक्रवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सुफियान और कुर्बान का पैसों के ऊपर झगड़ा होने लगा। इस दौरान सुफियान ने शराब के नशे में अपने छोटे भाई कुर्बान को चाकू घोप दिया। जिससे कुर्बान की मौत हो गई। मृतक के तीसरे भाई मुस्तकीम की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।