लखनऊ। अंबेडकरनगर के बसपा के दो दिग्गज नेता राम अचल राजभर और लालजी वर्मा ने आज अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा जॉइन कर लिया। जिला मुख्यालय स्थित भानमती पीजी कॉलेज में जनादेश रैली में अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी हमेशा ठोंको ठोंको करते हैं। आज फतेहगढ़ जेल में कैदियों ने डिप्टी जेलर को ठोंक दिया है। दरअसल, फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ जेल में आज कैदियों ने एक बंदी की मौत पर जमकर उपद्रव किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अंबेडकरनगर से रामअचल राजभर और लालजी वर्मा के सपा में आने के बाद यहां और आसपास के जिलों में भाजपा अब बचने वाली नहीं है। यहां जो जनसैलाब दिख रहा है वह इतिहास रचने वाला है।
अखिलेश ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले मैंने कोशिश की थी कि भीमराव आंबेडकर और लोहिया की विचारधारा एक हो जाए लेकिन उस कोशिश में हम लोग सफल नहीं हुए। अब दूसरे दलों को छोड़ कर सपा में लोग आ रहे हैं। मैं बसपा से आये नेताओं से कहना चाहता हूं। जो सपना आपने देखा था उसे पूरा करने के लिए हम आपको सम्मान देंगे।