मेरठ। जिले के गांव सलावा में लाइसेंसी शराब विक्रेता के घर पुलिस और आबकारी टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर भारी मात्रा में हरियाणा मार्का शराब बरामद की। मुकदमा दर्ज करते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। होली से पहले भारी मात्रा में अवैध शराब मिलने के बाद तस्करों के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।

जिला आबकारी टीम को सूचना मिली कि सलावा निवासी सत्यपाल के यहां तस्करी कर दूसरे प्रदेश की शराब लाई गई है। टीम ने छापा मारा तो कुछ लोग हरियाणा नंबर की कार से शराब की पेटियां उतारकर घर के अंदर रख रहे थे। टीम को देख कार के पास खड़े दो लोग खेतों में भाग निकले, जबकि शराब उतार रहे दो लोग पकड़े गए। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम सत्यपाल निवासी सलावा और रोहित निवासी गोटका थाना सरूरपुर बताए हैं। घर के भीतर से सात पेटी व कार की डिग्गी से छह पेटी हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई।

फरार आरोपियों की पहचान कल्लू व जितेंद्र के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि सत्यपाल की सलावा गांव में बीयर की लाइसेंसी दुकान है। इसी दुकान से शराब बेची जानी थी। चारों के खिलाफ सरधना थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।