मेरठ। सोतीगंज के कबाड़ी हाजी इकबाल के गोदाम और दुकान पर पुलिस ने जब्तीकरण की कार्रवाई करते हुए उन पर सील लगा दी। गोदाम से पुलिस को 50 वाहनों के इंजन व उपकरण मिले हैं। पुलिस ने सील की गई संपत्ति की कीमत आठ करोड़ बताई है।
एएसपी सूरज राय ने बताया कि सोतीगंज के रविंद्रपुरी मोहल्ला में हाजी इकबाल का गोदाम और दुकान है। लालकुर्ती पुलिस की जाच में सामने आया कि हाजी इकबाल ने यह गोदाम और दुकान अवैध कमाई से बनाए थे। इकबाल के स्वजन को दुकान और गोदाम के लिए नोटिस भी भेजा था। वह ऐसा कोई सबूत पेश नहीं कर पाए, जिससे साबित हो सके कि गोदाम और दुकान खरीदने के लिए रकम कहां से जुटाई गई थी। ऐसे में कोर्ट ने हाजी इकबाल का गोदाम और दुकान को जब्त करने के आदेश दिए है। शनिवार शाम तीन बजे एएसपी सूरज राय सदर बाजार और लालकुर्ती थाने से बड़ी संख्या में पुलिस बल को लेकर रविंद्रपुरी पहुंचे।
गोदाम और दुकान बंद मिली। पुलिस ने मुनादी कराई और इकबाल के स्वजन से चाबी मंगा कर दुकान और गोदाम ताले खोले। गोदाम के अंदर 50 इंजन रखे थे। इसके बाद पुलिस ने दुकान व गोदाम को सील कर जब्तीकरण की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर इकबाल के स्वजन नहीं थे। लिहाज पुलिस ने वहां मौजूद अन्य लोगों के पुलिस कार्रवाई पर हस्ताक्षर कराए और कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। सील संपत्ति की कीमत करीब आठ से दस करोड़ आंकी गई है।
एएसपी ने बताया कि इकबाल, उसके बेटे और रिश्तेदारों की अन्य संपत्ति की भी तलाश की जा रही है। माना जा रहा है कि उन्होंने काफी संपत्ति अपने रिश्तेदारों के नाम से खरीदी हुई है, जो जनपद से बाहर बताई जा रही है। उसके बेटों के खिलाफ अभी तक छह अभियोग पंजीकृत किए जा चुके हैं।
