बिजनौर। एनआरआई डॉक्टर कुलभूषण ने रविवार को अपने आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वे फिलहाल बिजनौर की शक्ति नगर कॉलोनी में रह रहे थे। डॉक्टर कुलभूषण अमेरिका की एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर रह चुके थे और केमिस्ट्री में पीएचडी धारक थे। आईआईटी रुड़की से अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वे अमेरिका चले गए थे, लेकिन कोरोना काल के दौरान वापस भारत लौट आए थे।

अमेरिका से लौटने के बाद वे बिजनौर में ही ऑनलाइन ट्यूशन देकर छात्रों को पढ़ा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनका अपने परिवार के सदस्यों के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। रविवार को उन्होंने अपने आवास पर सुबह करीब 11 बजे खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मूल रूप से आलोपुर के रहने वाले डॉ. कुलभूषण काफी शिक्षित और प्रतिष्ठित व्यक्ति थे। उनकी इस दुखद मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।