सहारनपुर। शहर की पॉश कॉलोनी में बदमाशों ने दिनदहाड़े पेंट कारोबारी के घर में घुसकर लाखों की लूट कर दी । इससे पुलिस विभाग हड़कंप मच गया। सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। पुलिस अधिकारियों की माने तो बदमाशों की पहचान कर ली गई और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

अहमद बाग कॉलोनी में भाजपा के पूर्व विधायक महावीर राणा के घर के सामने पेंट कारोबारी पृथ्वीराज सिंह के घर में घुसे नकाबपोश तीन बदमाशो ने कनपटी पर तमंचा लगाकर पृथ्वीराज सिंह व उनके नौकर को बंधक बना लिया। बदमाशों ने दोनों को दूसरे कमरे में बंद कर घर में रखे लाखों की ज्वैलरी और नकदी अपने कब्जे में ली।

पेंट व्यापारी ने जब बदमाशों से पूछा कि आप कौन हैं तो उन्होंने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताते हुए खामोश रहने को कहा। घटना के समय कारोबारी की पत्नी किटी पार्टी में गई हुई थी। बदमाश करीब 25 से 30 मिनट तक रुके और वारदात को अंजाम देकर बड़े ही आराम से जाते हुए कोठी में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी साथ ले गए। घटना के बाद सीओ सिटी पर सदर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी।