देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हंस फाउंडेशन की प्रणेता माता मंगला ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए पांच करोड़ की धनराशि प्रदान की। सीएम ने कहा आपदा से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम पहुंच गई है। मुख्यमंत्री आवास में वेबिनार के माध्यम से मुख्यमंत्री से वार्ता कर माता मंगला ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि आपदा के इस संकट काल में पीड़ितों की मदद के लिए हंस फाउंडेशन आगे भी मदद के लिए सरकार का सहयोगी रहेगा। मुख्यमंत्री ने माता मंगला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हंस फाउंडेशन ने आपदा के समय ही नहीं बल्कि प्रदेश के विकास में भी सहयोग किया जाता रहा है। इस धनराशि का पीड़ितों की मदद में बेहतर उपयोग किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आई आपदा के तुरंत बाद उन्होंने चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, बामेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर जिले के विभिन्न आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आपदा पीड़ितों के दुख दर्द में सहयोगी बनने के साथ ही उन्हें सांत्वना प्रदान की। साथ ही राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपदा ग्रस्त क्षेत्रों के पुनर्निर्माण व पीड़ितों की मदद के लिए नियमों का शिथिलीकरण कर रही है। आपदा प्रभवित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी जैसी आधारभूत सुविधा बहाल करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। आपदा में कृषि उपजों का नुकसान हुआ है। लगभग 10 हजार छोटे-बड़े पशुओं की हानि हुई है। राज्य को इस आपदा से हुए नुकसान के आकलन के लिए केंद्रीय टीम भी पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, गुजरात आदि प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया है। प्रदेश में आई इस आपदा में सहयोगी बनने के लिए सभी लोगों का सहयोग मिल रहा है।