नोएडा। नोएडा के सेक्टर 63 स्थित SJM अस्पताल कट के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं का टेंपो ट्रैवलर असंतुलित होकर पलट गया, जिससे गाड़ी में सवार 17 लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि सभी श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब टेंपो ट्रैवलर का ड्राइवर नींद की झपकी आने के कारण गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। इससे वाहन असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
थाना सेक्टर 63 पुलिस ने बताया कि सभी श्रद्धालु अयोध्या दर्शन करके लौट रहे थे। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू रूप से बहाल कर दिया।
इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा में सावधानी बरतें और रात में सफर के दौरान ड्राइवर की स्थिति पर ध्यान दें ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
