सहारनपुर। पुणे से गिरफ्तार आतंकी जुनैद से पूछताछ के आधार पर महाराष्ट्र एटीएस देवबंद जेल में बंद लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी इनामुलहक को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गई है। इनामुलहक झारखंड के जनपद गिरडीह के रहने वाला है। जो पहचान बदल कर देवबंद रह रहा था।
उसको यूपी एटीएस ने गत 14 मार्च को देवबंद की नजमी बिल्डिंग से गिरफ्तार किया था। जिससे पूछताछ में जानकारी मिली थी कि वह राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त है और लश्कर के आतंकियों से जुड़ा हुआ था। यह भी पता चला था कि वह इन आतंकियों से हथियार व ट्रेनिंग प्राप्त करना चाहता था।
पूछताछ कर बाद यूपी एटीएस ने इनामुल को देवबंद जेल भेज दिया था। अब महाराष्ट्र एटीएस ने जुनैद नामक आतंकी को पुणे से गिरफ्तार किया है। जिसने पूछताछ में पता चला है कि इनामुल उसका साथी है। एटीएस प्रभारी सुधीर उज्ज्वल ने बताया महाराष्ट्र एटीएस बी वारंट दाखिल कर इनामुलहक को अपने साथ लेकर गई है। वहीं, देवबंद उपकारागार के जेलर महन पाल ने बताया कि महाराष्ट्र एटीएस इनामुल को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गई है।
