सहारनपुर। एक साधु की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई और फिर उसी झेपड़ी में आग लगाकर शव को जला दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्यारोपी साधु को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
वारदात थाना मिर्जापुर क्षेत्र के बादशाहीबाग की है। यहां के श्मशान घाट के पास एक साधु पिछले दो साल से झोपड़ी बनाकर रह रहा था। दो दिन पहले एक साधु प्रवेश गिरि उससे मिलने के लिए आया था।
शुक्रवार की रात प्रवेश गिरि पुलिस चौकी पर पहुंचा। उसने बताया, कि बाइक सवार 6 से 7 बदमाशों ने श्मशान घाट के पास रह रहे साधु की हत्या कर झोपड़ी में आग लगा दी है। पुलिस मौके पर पहुंची और अधजले शव को कब्जे में लेकर प्रवेश गिरि को हिरासत में ले लिया। सीओ और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ बेहट रामकरण सिंह ने बताया, कि प्रवेश गिरि साधु रात को नशे में धुत था, जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। हत्यारोपी प्रवेश गिरि गांव कलवाड़ थाना छप्पर जनपद यमुनानगर का रहने वाला है। रात में शराब पीते समय इनमें किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर मृतक ने प्रवेश गिरि पर डंडे से हमला कर दिया।
गुस्से में आकर प्रवेश गिरि ने साधु पर पास में रखी कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हत्या के बाद प्रवेश झोपड़ी में आग लगाकर चौकी पर पहुंच गया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से कुछ दूरी पर कुल्हाड़ी बरामद कर लिया है। शिव ने बताया कि मृतक साधु हिमाचल प्रदेश का निवासी बताया गया है जिसका नाम और पता ग्रामीणों को भी मालूम नहीं है। पुलिस उसके नाम और पते की जानकारी हासिल कर रही है।
