देहरादून। ऋषिकेश में टिहरी स्टील के मालिक रामबाबू के बेटे हिमांशु गोयल के घर पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है। छापेमारी के दौरान परिजनों में हड़कंप मच गया।
टिहरी स्टील और सरिया के नाम से उद्योग संचालित करने वाले गोयल परिवार के ऋषिकेश स्थित आवास, ढालवाला मुनिकीरेती स्थित कार्यालय और रुड़की के भगवानपुर स्थित फैक्ट्री और कार्यालय में आयकर विभाग की टीम ने ये कार्रवाई की है।
बुधवार सुबह टिहरी स्टील के मालिक रामबाबू के बेटे हिमांशु गोयल देहरादून रोड स्थित घर पर अचानक इनकम टैक्स विभाग ने रेड कर दी। विभागीय अधिकारियों ने परिजनों को मोबाइल बंद करने और बिना इजाजत घर से बाहर न जाने के लिए कहा। सूत्रों की माने तो इनकम टैक्स विभाग ने प्रॉपर्टी और अन्य इनकम से संबंधित कई दस्तावेज खंगाले।
टीम ने घर पर रखे कंप्यूटर लैपटॉप के हार्ड डिस्क को अपने कब्जे में ले लिया हैं। इसके अलावा टीम ने हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र में भी रामबाबू के घर और फैक्ट्री पर भी छापेमारी की है। क्षेत्र में आयकर विभाग की छापेमारी से तीर्थनगरी के अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया।
