सहारनपुर । बेहट के नगला झंडा गांव में खेत से ट्रैक्टर व थ्रेसिंग मशीन निकलने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया, जिसमें 13 लोग घायल हुए है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से चार लोगों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव नगला झंडा निवासी राम सिंह और फुरकान के बीच खेत से ट्रैक्टर और थ्रेसिंग मशीन निकालने को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग लाठी.डंडे लेकर एक दूसरे से भिड़ गये। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते पुलिस सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची। संघर्ष में दोनों पक्षों के करीब 13 लोग घायल हुए थे। पुलिस सभी घायलों को लेकर सीएचसी पहुंची। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गेहूं की फसल की थ्रेसिंग कराने के लिए शाम के समय अपने खेत पर ट्रैक्टर और थ्रेसिंग मशीन लेकर जा रहा था। बिना किसी वजह के फुरकान ने उसके साथ कहासुनी की। जब वह खेत में बेटे अर्पण, देवांक व अर्जुन के साथ गेहूं निकलवा रहा था, तो फुरकान पक्ष के 10.12 लोगों ने उन पर लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। वहीं इस बारे में फुरकान का कहना है, कि वह अपने खेत में मजदूरों के साथ भूसा इकट्ठा करा रहा था। उसके दूसरे खेत में खड़ी गेहूं की फसल के ऊपर से रामसिंह ट्रैक्टर और थ्रेसिंग मशीन लेकर जा रहा था।
उसने विरोध किया तो राम सिंह पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी.डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। इस संघर्ष में रामसिंह पक्ष से लख्खीराम, प्रेमचंद, ज्ञानचंद, अनिल, अर्जुन, शुभम और सौरभ घायल हुए हैं। इनमें से राम सिंह व ज्ञानचंद को गंभीर हालत के चलते रेफर किया गया है। वहीं फुरकान पक्ष से रिहान, इमरान, मुंतजिर, मुर्सलिन व फुरकान घायल हुए है। इनमें से इमरान व मुर्सलीन रेफर किये गये हैं।
