बागपत । छपरौली थाने की छत पर चढ़े मनोरोगी युवक ने अचानक नीचे खड़े पुलिस कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक एसआई और कांस्टेबल की हालत गंभीर बताया जा रहा है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार को एक युवक किसी तरह से छपरौली थाने की छत पर चढ़ गया। यह देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह उतरने को तैयार नहीं था। इस दौरान वहां कई और पुलिसकर्मी आ गए। इसी बीच युवक ने छत पर पड़े ईंट पत्थर पुलिसकर्मियों पर फेंकने शुरू कर दिए।
अचानक हुए हमले से अफरातफरी मच गई। वहीं ईंट लगने से छह पुलिस कर्मी घायल हो गए। जिसमें एक एसआई और एक कांस्टेबल की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि युवक मनोरोग है और बिहार का रहने वाला है। इतना ही नहीं उसने कई पुलिसकर्मियों के कमरों में तोड़फोड़ की। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस उसे नीचे उतारने में सफल हो पाई। बताया जा रहा है कि वह पुलिसकर्मियों पर छिप कर हमला करता है।
