सादुल्लाहनगर (बलरामपुर)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में शनिवार शाम विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए सादुल्लाहनगर बाजार में मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी गई।

कैंडल मार्च के बाद कार्यकर्ताओं ने बाईपास चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान ‘आतंकवाद मुर्दाबाद’ और ‘पाकिस्तान होश में आओ’ जैसे नारे लगाए गए।
विहिप के प्रखंड अध्यक्ष अजय तिवारी ने इस हमले को कायरतापूर्ण बताते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, अब आरपार की लड़ाई का समय आ गया है। जिस तरह निहत्थे पर्यटकों पर गोलियां बरसाई गईं, यह कायराना हरकत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पाकिस्तान को ऐसा करारा जवाब दिया जाना चाहिए जिसे उसकी आने वाली पीढ़ियां याद रखें।
उन्होंने केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने की अपील की और कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोपरि है।कार्यक्रम में कई स्थानीय कार्यकर्ता और आम नागरिक भी शामिल हुए। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा सतर्कता बरती जा रही है।
जुलूस के वीडियो के लिए इस पर क्लिक करें
