गोंडा। परसपुर क्षेत्र में एक धर्मस्थल के सामने एक जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने तूल पकड़ लिया। जिससे कुछ अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इस जमीन को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसके बाद एक पक्ष ने जाम लगा दिया। जिसको खुलवाने के लिए पुलिस ने जमकर लाठियां फटकारीं। जिसमें दो लोग घायल हो गए। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
थाना परसपुर क्षेत्र के अंतर्गत मस्जिद के पास एक जमीन को लेकर दो पक्षों में काफी दिनों से विवाद चल रहा था। जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। रविवार को तिरंगा यात्रा के निकलने के दौरान एक पक्ष के लोगों ने नारे लगाते हुए यात्रा को बाधित कर दिया। जिससे विवाद बढ़ गया।
इस बीच एक पक्ष के लोगों ने जाम लगा दिया। इस बीच भीड़ ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। बवाल को शांत करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। वहीं मारपीट में राजेश कौशल व दिनेश कौशल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
