सहारनपुर। लम्बा इंतज़ार अब खत्म हुआ। एटीएस (एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड) कमांडो ट्रेनिंग सेंटर का शिलान्यास सात नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवबंद आकर करेंगे। उनके संभावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
देवबंद विधायक और जिलाधिकारी सहित अन्य अफसरों ने कार्यक्रम स्थल चिह्नित करने के लिए निरीक्षण किया। सोमवार को देवबंद से भाजपा विधायक कुंवर बृजेश सिंह और डीएम अखिलेश सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने रेलवे रोड पर बनने वाले एटीएस ट्रेनिंग कमांडो सेंटर का निरीक्षण किया।
वहां करीब आधा घंटे तक निरीक्षण चला। इसके बाद सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे स्थित दो-तीन जगहों का निरीक्षण किया गया, जहां जनसभा होगी। इसके बाद डीएम ने डाक बंगले पर अधिकारियों के साथ बैठक करके कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कराई। डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री का सात नवंबर को देवबंद में आने का संभावित कार्यक्रम है। अभी सरकारी कार्यक्रम नहीं आया है।
