बिजनौर। स्योहारा क्षेत्र में रामगंगा नदी में डूबकर दो किशोरों की मौत हो गई। दोनों के शव गांव के गोताखोरों ने निकाले। दो किशोरों की मौत से गांव में कोहराम मच गया। परिजन शव का पोस्टमार्टम न कराकर उनके अंतिम संस्कार की तैयारी में लगे हैं। 

गांव बरखेड़ा के आसिफ का 13 वर्षीय पुत्र अथर मालिक और लड्डन खां का 15 वर्षीय पुत्र अयान दोपहर में घर से रामगंगा नदी पर नहाने गए थे। जब वे तीन चार-घंटे तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उन्हें तलाश करना शुरू किया। वहीं रामगंगा नदी के बरखेड़ा घाट के पुल के निकट रामगंगा नदी के किनारे पर एक स्थान पर दोनों के कपड़े और चप्पल रखी हुई मिलीं। दोनों के डूबने की आशंका पर सूचना पुलिस को दी गई। 

इसके बाद पुलिस, ग्रामीणों व गोताखोरों ने नदी में उनकी तलाश शुरू की। एक बंदे के पास रुके हुए पानी में दोनों के शव मिले। शव को बाहर निकलकर परिजन अपने गांव ले गए। शव के गांव में पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष आशीष तोमर ने बताया कि परिजन शवों का घर ले गए हैं। वे पोस्टमार्टम न कराकर अंतिम संस्कार करना चाहते हैं।