बिजनौर। घर से लापता वृद्ध महिला का शव निर्वस्त्र हालत में खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी से मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
गजरौला शिव में शुक्रवार से लापता हुई एक वृद्ध महिला का शव शनिवार को हमीदपुर के जंगल में निर्वस्त्र अवस्था में गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शव की पहचान कमला देवी 52 वर्ष पत्नी मान सिंह निवासी हमीदपुर के रूप में हुई। गांव वालों के अनुसार अनुसूचित जाति की कमला देवी अपने पति मान सिंह के साथ अपने खेत से पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थी।
चारा काटने के बाद पति उसे जंगल में छोड़ कर किसी कार्य से बिजनौर चला गया था। जब वह शाम तक घर नहीं लौटी तो ग्रामीणों के साथ पति मानसिंह ने जंगल में उनकी तलाश की वह रात भर उसे ढूंढते रहे। शनिवार सवेरे जब ग्रामीण उसे ढूंढने निकले तो महिला का शव किशन सिंह के गन्ने के खेत में निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा मिला। शव को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की बारी भीड़ लग गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
