देहरादून। l उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर दो युवकों ने मिलकर दो सहेलियों की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला? घटना पिथौरागढ़ जनपद के नेपाल बॉर्डर से सटे अछाम के ढकारी गांव की है। ढकारी गांव पालिका-8 की निवासी सरस्वती खड़का और इशरा खड़का का फोन पर ढकारी गांव पालिका-3 के दीपेश और राजेश बुढ़ा से संपर्क हुआ था। घटना वाले दिन दोनों सहेलियां जंगल में बकरियां चराने गई थीं। उसी दौरान पहली बार दोनों युवक उनसे मिलने के लिए जंगल पहुंचे।

घातक हमला: जंगल में बातचीत के दौरान राजेश ने इशरा को अपने साथ प्रेम संबंध में आने का प्रस्ताव दिया, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। लेकिन जब दीपेश ने सरस्वती से अपने प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया। इस इनकार से नाराज होकर दीपेश ने सरस्वती पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह सब कुछ इशरा ने अपनी आंखों के सामने देखा। जब इशरा ने घटना की जानकारी गांव वालों को देने की बात कही तो दीपेश ने उसे भी पत्थर से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

शव मिलने से फैली सनसनी: शाम तक दोनों लड़कियों के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में तलाश करने पर दोनों के खून से लथपथ शव बरामद हुए। बेटियों की हालत देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है।

जांच जारी: फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ा रही है। इस जघन्य हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर है।