बिजनौर। मंडावली थाना क्षेत्र के गांव श्यामीवाला में बृहस्पतिवार की रात एक युवक की गर्दन काटकर हत्या कर दी। गांव श्यामीवाला निवासी अशोक कुमार पुत्र चंद्रपाल (29 वर्ष) अपने घर में सोया हुआ था। रात करीब 12:00 बजे किसी अज्ञात ने अशोक की गर्दन पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात व्यक्ति घर का मुख्य द्वार खोलकर भाग निकला। अशोक के कमरे के पास उसकी बहन और मां सो रही थी। आहट होने पर मां-बेटी नींद से जागे और अशोक के कमरे में गए। अशोक का कमरा लहुलूहान देखकर उनके होश उड़ गए।
सूचना पर एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, सीओ नितेश प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर का मुख्य दरवाजा बंद था। संभवतः अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते से आया था। घटना को अंजाम देने के बाद वह मुख्य द्वार खोलकर भाग गया। अशोक के अन्य दो भाई भी हैं। अशोक अविवाहित था। मृतक के पिता चंद्रपाल ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
