देहरादून। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का महिला सम्मेलन सैनिक काॅलोनी बालावाला स्थित मिलन केन्द्र में किया गया। इस दौरान क्षेत्र संगठन मंत्री लाखन सिंह ने महिलाओं को सतर्क व जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि ग्राहक पंचायत संगठन पंचायतों की भांति विक्रेता के साथ क्रेता का विवाद सुलझाने में विश्वास रखता है। आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय के साथ अन्य लोकतांत्रिक माध्यमों से मांगें मनवाता है। उन्होंने ऑनलाइन क्रय से स्थानीय अर्थव्यवस्था को होने वाले नुकसानों के बारे में बताया। साथ ही बच्चों को ऑनलाइन खेलों से दूर रखने के बारे में जागरूक किया।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट विनोद नौटियाल ने संगठन के 50 वर्ष में राष्ट्र एवं समाजहित में किए गए बड़े कार्याें का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रयासों से ही केंद्रीय उपभोक्ता अधिनियम और उत्पादों पर अधिकतम कीमत लिखने का नियम बनाया गया। उन्होंने अगस्त से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान की जानकारी दी। अधिवक्ता आलोक घिल्डियाल ने उपभोक्ता अधिकार अधिनियम 2019 के संबंध में बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही ममता रावत ने ग्राहक पंचायत के अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष कैलाश बहुगुणा, प्रान्त कार्यकारिणी के पदाधिकारी प्रोफेसर सुनील कुमार सक्सेना, कैलाश बहुगुणा, अमित भट्ट, डाक्टर मनोज रावत, महिला मंगल दल की अध्यक्ष कमला रावत, पार्षद शैलेन्द्र खरोला सहित करीब 150 महिलाएं उपस्थित रही। इस अवसर पर हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में अध्यक्ष विनोद नौटियाल ने आलोक घिल्डियाल को देहरादून जिले का संयोजक बनाने की घोषणा की।
