शामली। राकेश टिकैत ने कैराना में हुई किसान महापंचायत में कहा कि 13 माह चला किसान आंदोलन किसानों की ट्रेनिंग था। जिसमें किसानों ने आंदोलन की ट्रेनिंग ली। यह ट्रेनिंग भविष्य में काम आएगी।
उन्होंने कहा कि अभी आंदोलन खत्म हुआ है किसानों की लड़ाई नहीं। अभी किसानों के कई मुद्दों पर लड़ाई जारी रहेगी। इस लड़ाई में न किसी की जीत हुई और न किसी की हार हुई। सरकार के पास काम करने के लिए 2 महीने है। अपना काम करें। एमएसपी के मुद्दे पर, गन्ना मूल्य पर, बिजली की बढ़ी दरों पर काम करें। हम चुनाव में कुछ नहीं करेंगे बस जनता को सरकार के काम बताएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार पर आचार संहिता लगने तक का समय है। उनकी भलाई के लिए कुछ करे। कैराना से पलायन के मुद्दे पर राकेश टिकैत ने कहा कि यह पलायन नहीं, सरकारी प्लान है। लोग किसी के बहकावे में ना आएं। यहां से रोजाना सैकड़ों लोग काम के लिए पानीपत जाते हैं। सरकार या उद्योग लगाए तो कोई दूसरे राज्य नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान एकता बनाए रखें। अपनी खेती-किसानी और रोजगार व अपने बच्चों के भविष्य पर ध्यान दें।
